gnews रूस में टेनिस का प्रशिक्षण देने वाले पूर्वांचल के पहले कोच बने ब्रजभूषण यादव, 45 दिन के कैंप के बाद वाराणसी लौटे - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

रूस में टेनिस का प्रशिक्षण देने वाले पूर्वांचल के पहले कोच बने ब्रजभूषण यादव, 45 दिन के कैंप के बाद वाराणसी लौटे

वाराणसी के टेनिस कोच ब्रजभूषण यादव ने रूस के समारा शहर में आयोजित 45 दिवसीय टेनिस प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर पूर्वांचल का नाम रोशन किया है। ब्रजभूषण यादव रूस में टेनिस का प्रशिक्षण देने वाले पूर्वांचल के पहले कोच बने हैं। रूस में प्रशिक्षण देने के बाद अब वह वाराणसी लौट आए हैं।

विज्ञापन
रविंद्रपुरी, वाराणसी निवासी ब्रजभूषण यादव को टेनिस कोचिंग का करीब आठ वर्षों का अनुभव है। उन्होंने रूस के समारा शहर में आयोजित कॉसमॉस कैंप में करीब 100 खिलाड़ियों को टेनिस का प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण शिविर 10 जून से 9 अगस्त 2026 तक चला, जिसमें उन्होंने 45 दिनों तक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया।


टेनिस कोच राहुल के मुताबिक, ब्रजभूषण यादव ने वर्ष 2019 से आईआईटी बीएचयू में संविदा टेनिस कोच के तौर पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना शुरू किया था। उनके मार्गदर्शन में लगातार चार वर्षों तक आईआईटी बीएचयू की टीम ने विभिन्न टेनिस प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कई स्पर्धाओं में जीत हासिल की।

विज्ञापन
ब्रजभूषण यादव ने पिछले महीने आईआईटी बीएचयू के टेनिस कोच पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद उन्हें रूस के समारा में आयोजित कॉसमॉस कैंप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का अवसर मिला। करीब 100 खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कैंप में प्रशिक्षित करना उनके कोचिंग करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।


रूस में 45 दिन का प्रशिक्षण कैंप पूरा करने के बाद ब्रजभूषण यादव वाराणसी लौट आए हैं। उनकी इस उपलब्धि से वाराणसी और पूरे पूर्वांचल के टेनिस खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खुशी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोचिंग का अनुभव हासिल करने के बाद उनसे वाराणसी के युवा खिलाड़ियों को भी नई दिशा और प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।