gnews सीवर के पानी में नहाकर सपा नेता ने जताया विरोध, संत रविदास मुख्य मार्ग की बदहाल व्यवस्था पर उठे सवाल - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

सीवर के पानी में नहाकर सपा नेता ने जताया विरोध, संत रविदास मुख्य मार्ग की बदहाल व्यवस्था पर उठे सवाल

संत रविदास मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव और सीवर के पानी की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता अमन यादव के नेतृत्व में शनिवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर भरे सीवर के पानी में नहाकर नगर निगम और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।

विज्ञापन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, 29 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा के दौरान नगर निगम की ओर से आनन-फानन में जल निकासी की व्यवस्था की गई थी। 
 
हालांकि, मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद करीब एक माह बीत जाने के बावजूद संत रविदास मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है।

विज्ञापन 

लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। जल निकासी के लिए मौके पर जनरेटर तो खड़ा किया गया है, लेकिन उसके नियमित रूप से नहीं चलने के कारण सड़क पर सीवर का पानी जमा रहता है। लगातार जलभराव के चलते सड़क की स्थिति भी खराब हो गई है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का भी खतरा बना हुआ है।

विज्ञापन
इसी समस्या के विरोध में सपा नेता अमन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं ने सीवर के पानी में नहाकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

सपा नेता अमन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कुछ घंटों के लिए व्यवस्था दुरुस्त कर देना पर्याप्त नहीं है। आम जनता को पूरे साल साफ-सुथरी सड़क और बेहतर जल निकासी की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।