gnews वाराणसी में चोरी के शक में मजदूर को पेड़ से बांधकर पीटा, मौत के बाद भट्ठा मालिक समेत दो गिरफ्तार - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में चोरी के शक में मजदूर को पेड़ से बांधकर पीटा, मौत के बाद भट्ठा मालिक समेत दो गिरफ्तार

चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर में चोरी के शक में एक मजदूर को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से पीटने और उसकी मौत के मामले में पुलिस ने ईंट-भट्ठा मालिक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पत्नी सीता की तहरीर पर चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद मामले में हत्या की धाराओं में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

विज्ञापन
मृतक की पहचान चंदौली जिले के धरायन गांव निवासी रामजनम वनवासी (45) के रूप में हुई है। वह चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर के बड़कीबारी स्थित अपनी ससुराल में रहता था और चिरईगांव क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था।


पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को रामजनम हड़ियाडीह स्थित अजय सिंह के ईंट-भट्ठे के पास दिखाई दिया था। आरोप है कि चोरी के शक में भट्ठा मालिक अजय सिंह ने अपने साथी विशाल सिंह के साथ उसे पकड़ लिया। दोनों ने रामजनम को पेड़ से बांध दिया और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की।

विज्ञापन
बताया गया कि पिटाई के दौरान रामजनम गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध हो गया। इसके बाद दोनों आरोपित उसे उसकी ससुराल पहुंचाने के लिए लेकर निकले। रास्ते में ही रामजनम की मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों उसका शव धान के खेत में छोड़कर वहां से फरार हो गए।

रामजनम का शव 21 अगस्त को धान के खेत से बरामद हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों से उसकी शिनाख्त कराई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को गंभीर चोट लगने के कारण मौत होने की आशंका थी। इसी दौरान बुधवार को रामजनम को पेड़ से बांधकर पीटे जाने का वीडियो सामने आया, जिसके बाद मामले की जांच का रुख बदल गया।


वीडियो ने खोला पिटाई का राज


वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में संदिग्ध दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अजय सिंह पुत्र राजेंद्र प्रसाद सिंह निवासी शिवदासा और विशाल सिंह पुत्र स्वर्गीय रमेश सिंह निवासी गरथौली को गिरफ्तार कर लिया।

विज्ञापन
पुलिस का कहना है कि वीडियो समेत मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। घटना में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।