वाराणसी में निर्माणाधीन मकान की नींव में डूबकर 10 वर्षीय बालक की मौत, दो घंटे की तलाश के बाद सीसीटीवी से मिला सुराग
शिवपुर थाना क्षेत्र के बेलवरियां गांव में बारिश के बाद खेलने निकले 10 वर्षीय बालक की निर्माणाधीन मकान की गहरी नींव में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बेलवरियां गांव निवासी आशु पटेल के रूप में हुई है। आशु कक्षा-2 का छात्र था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
![]() |
| विज्ञापन |
सीसीटीवी फुटेज से निर्माणाधीन मकान तक पहुंचे परिजन
आशु की तलाश के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में आशु घर से निकलकर कॉलोनी में स्थित एक निर्माणाधीन मकान की ओर जाता दिखाई दिया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसी दिशा में पहुंचे।
मकान के निर्माण के लिए जेसीबी से खोदी गई गहरी नींव में बारिश का पानी भरा हुआ था। आशंका होने पर लोगों ने गड्ढे में तलाश शुरू की।
![]() |
| विज्ञापन |
गहरी नींव में पानी अधिक होने के कारण तलाशी में काफी परेशानी हुई। करीब एक घंटे की तलाश के बाद आशु का शव पानी से बरामद किया गया। परिजन डायल-112 की मदद से उसे दीनदयाल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने जताई धक्का देने की आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने आशंका जताई है कि कहीं किसी ने आशु को गड्ढे में धक्का तो नहीं दिया। उन्होंने मामले की गहन जांच की मांग की है।
![]() |
| विज्ञापन |
एक साल के भीतर परिवार में दूसरी मौत
आशु की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के मुताबिक, करीब एक साल पहले उनकी पांच वर्षीय बेटी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। अब बेटे आशु की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
बारिश के बाद खुले और गहरे निर्माणाधीन गड्ढे में पानी भरने से हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्माण स्थलों पर ऐसे गड्ढों को सुरक्षित तरीके से ढकने और बैरिकेडिंग करने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।



