प्रेमिका की हत्या का आरोपी चुनाव लड़ने की तैयारी में था, सात बीघा जमीन और शादी से इनकार बना विवाद की वजह; श्रेया हत्याकांड की पूरी कहानी
रोहनिया थाना क्षेत्र में एमएससी की छात्रा श्रेया उर्फ मोनू की हत्या के मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे वारदात के पीछे की वजहों को लेकर कई चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं। 22 वर्षीय श्रेया 18 अगस्त को कॉलेज जाने के दौरान लापता हुई थी। परिजनों की शिकायत पर राजातालाब थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई थी। 20 अगस्त को उसका शव रोहनिया क्षेत्र के बच्चांव स्थित एक किराये के कमरे के बाथरूम से बरामद हुआ।
![]() |
| विज्ञापन |
सात बीघा जमीन पर थी नजर
परिजनों का आरोप है कि श्रेया अपने परिवार की इकलौती बेटी थी और भविष्य में परिवार की करीब सात बीघा जमीन उसके नाम आने वाली थी। आरोप है कि विवेक चौबे इसी संपत्ति पर नजर रखता था। वह श्रेया से शादी करना चाहता था और उसे लगता था कि शादी के बाद जमीन पर उसका अधिकार हो जाएगा।
परिजनों के अनुसार, श्रेया की ओर से शादी के लिए सहमति नहीं मिलने के बाद आरोपी उसे कथित तौर पर धमकाने लगा था। इसी बीच श्रेया का रिश्ता मिर्जापुर में तय हो गया। परिवार के मुताबिक, 22 नवंबर को उसकी रिंग सेरेमनी और 26 फरवरी को शादी की तारीख तय हुई थी। रिश्ता तय होने के बाद आरोपी कथित तौर पर नाराज था।
कॉलेज जाते समय लापता हुई थी श्रेया
परिजनों के मुताबिक, 18 अगस्त को श्रेया कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो राजातालाब थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान पुलिस को बच्चांव स्थित एक किराये के कमरे के बारे में जानकारी मिली। पुलिस जब वहां पहुंची तो कमरे पर ताला लगा था। आरोपी के बारे में पता चला कि वह कमरे पर ताला लगाकर अपने ननिहाल भुवालपुर, मिर्जापुर की ओर चला गया है।
कमरे में बंद था शव
पुलिस ने चाबी की मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर बाथरूम में श्रेया का शव बरामद हुआ। शव करीब दो दिन पुराना बताया गया। प्रारंभिक जांच में गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
![]() |
| विज्ञापन |
सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था आरोपी
हत्याकांड की जांच में एक और जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी विवेक चौबे गांव में सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था और क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहा था। इसी बीच उसका नाम छात्रा की हत्या के मामले में सामने आया है।
श्रेया और विवेक के बीच रिश्तेदारी भी बताई जा रही है। पुलिस अब दोनों के बीच संबंध, शादी को लेकर विवाद और संपत्ति से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
आरोपी की तलाश में चार टीमें गठित
डीसीपी गोमती जोन नीतू कात्यायन के अनुसार, मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मकान मालिक विवेक द्विवेदी और आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि श्रेया को किस परिस्थिति में कमरे तक ले जाया गया और हत्या की पूरी वारदात कैसे अंजाम दी गई। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद जता रही है।



