gnews वाराणसी के अन्नपूर्णा नगर में वर्षों पुराने पेड़ की कटाई पर भड़के मेयर, अधिकारियों को लगाई फटकार - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी के अन्नपूर्णा नगर में वर्षों पुराने पेड़ की कटाई पर भड़के मेयर, अधिकारियों को लगाई फटकार

महमूरगंज स्थित अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी में पार्क की जमीन पर कब्जे और वर्षों पुराने पेड़ को काटे जाने की शिकायत पर वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी मिलते ही महापौर ने नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़े अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और लापरवाही को लेकर कड़ी नाराजगी जताई।

विज्ञापन
बताया जा रहा है कि अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी में पासपोर्ट कार्यालय के सामने पार्क के लिए आरक्षित जमीन पर पुराने पेड़ को काट दिया गया। स्थानीय लोगों की ओर से आरोप लगाया गया कि पार्क की जमीन पर कब्जा करवाने की कोशिश की जा रही है और इसी क्रम में वहां मौजूद वर्षों पुराने पेड़ को भी काट दिया गया।

सूचना मिलने के बाद महापौर अशोक तिवारी अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जब महापौर ने पेड़ काटे जाने को लेकर संबंधित अधिकारियों से सवाल किया तो अधिकारी स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। अधिकारियों की चुप्पी पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए नगर निगम के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

महापौर ने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और पार्क की जमीन की स्थिति तथा पेड़ काटे जाने के संबंध में जवाब मांगा। उन्होंने लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और जरूरत पड़ने पर मुकदमा दर्ज करवाने की चेतावनी भी दी।


मौके पर निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्क की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा न होने दिया जाए। साथ ही पेड़ काटे जाने के मामले में जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

विज्ञापन
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क की जमीन सार्वजनिक उपयोग के लिए है और वहां मौजूद पुराने पेड़ को बिना उचित अनुमति के काटे जाने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पूरे मामले की जांच कर पार्क की जमीन को कब्जामुक्त कराने और पेड़ काटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


फिलहाल महापौर के निरीक्षण के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब देखना होगा कि जांच में पार्क की जमीन पर कब्जे और पेड़ काटे जाने को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नगर निगम तथा संबंधित विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।