देशभर के साथ वाराणसी में भी शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सिगरा स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
 |
| विज्ञापन |
समारोह में जिलाधिकारी, तमाम प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों एवं अतिथियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। |
| विज्ञापन |
ध्वजारोहण के बाद कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उन सभी लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिनके मन में मां भारती के प्रति श्रद्धा और सम्मान है।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, जिसके कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं।
 |
| विज्ञापन |
अनिल राजभर ने अपने संबोधन के दौरान वंदे मातरम को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम देश की आजादी के आंदोलन और राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़ा महत्वपूर्ण गीत है। पहली बार संसद में भी वंदे मातरम गीत गूंजा था, लेकिन आज भी कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं। |
| विज्ञापन |
उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष के लोग वंदे मातरम जैसे राष्ट्रभक्ति के प्रतीक गीत पर भी राजनीतिक रोटी सेंकने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देशविरोधी ताकतों का विपक्ष खिलौना बन गया है और इसी वजह से राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर भी राजनीति की जा रही है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि देश ऐसी साजिशों से काफी आगे निकल चुका है। उन्होंने कहा कि इस तरह की साजिशों का देश के ऊपर कोई असर पड़ने वाला नहीं है। भारत की जनता देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति पूरी तरह सजग है।
 |
| विज्ञापन |
अनिल राजभर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का भी अवसर है। उन्होंने युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
समारोह में मौजूद अधिकारियों और लोगों ने तिरंगे के सम्मान के साथ देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। सिगरा स्टेडियम में पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।