gnews वाराणसी के लल्लापुरा में युवक का सुसाइड, संपत्ति विवाद की जांच में जुटी पुलिस - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी के लल्लापुरा में युवक का सुसाइड, संपत्ति विवाद की जांच में जुटी पुलिस

सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में सोमवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान इखलाक खान के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


परिजनों के अनुसार, इखलाक पिछले कई वर्षों से मकान निर्माण को लेकर चल रहे विवाद और पारिवारिक तनाव से परेशान थे। मृतक की पत्नी यासमीन का कहना है कि पक्की बाजार पुलिस लाइन क्षेत्र स्थित पैतृक मकान के निर्माण को लेकर करीब 16 वर्षों से विवाद चल रहा था। मकान निर्माण को लेकर बिल्डर और परिवार के सदस्यों के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी, जिसके चलते इखलाक लगातार तनाव में थे।

विज्ञापन
परिजनों ने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से इखलाक मकान से जुड़ी समस्या का समाधान निकालने का प्रयास कर रहे थे। वह बिल्डर और परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत कर विवाद सुलझाने अथवा अपने हिस्से को अलग करने की बात कर रहे थे। पत्नी के मुताबिक, लंबे समय से चल रहे इस विवाद का असर उनकी मानसिक स्थिति पर भी पड़ रहा था।
 

बताया गया कि घटना वाले दिन भी इखलाक अपनी पत्नी से मिले थे। परिजनों के अनुसार, उस समय वह काफी तनाव में नजर आ रहे थे। इसके बाद यासमीन किसी काम से चेतगंज चली गईं। कुछ समय बाद किराएदार की ओर से फोन कर घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां इखलाक को फांसी के फंदे पर पाया गया।


घटना की सूचना मिलते ही सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों तथा आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


मकान विवाद और पारिवारिक तनाव को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।