gnews 25 अक्टूबर को काशी आ सकते हैं पीएम मोदी, क्रिकेट स्टेडियम और रोपवे का कर सकते हैं लोकार्पण - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

25 अक्टूबर को काशी आ सकते हैं पीएम मोदी, क्रिकेट स्टेडियम और रोपवे का कर सकते हैं लोकार्पण

काशीवासियों को अक्टूबर महीने में दो बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी दौरे के दौरान गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और कैंट से गोदौलिया के बीच निर्माणाधीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे का लोकार्पण कर सकते हैं। प्रशासनिक स्तर पर दोनों परियोजनाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

विज्ञापन
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी आ सकते हैं। इस दौरान वह एयर शो में भी शामिल होंगे। साथ ही काशी की प्रमुख विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और निरीक्षण प्रस्तावित है। हालांकि प्रधानमंत्री के दौरे और कार्यक्रम की अंतिम आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।


94 फीसदी से अधिक पूरा हुआ रोपवे का काम


कैंट से गोदौलिया के बीच बन रहा पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे अब निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच गया है। सितंबर में परियोजना की भौतिक प्रगति 94.35 प्रतिशत बताई गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य और तैयारियों का जायजा भी लिया है।

विज्ञापन
करीब 3.75 किलोमीटर लंबे इस रोपवे में पांच स्टेशन प्रस्तावित हैं। कैंट, काशी विद्यापीठ और रथयात्रा स्टेशन का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि गोदौलिया स्टेशन पर अंतिम चरण के कार्य कराए जा रहे हैं।


कैंट से गोदौलिया तक सफर होगा आसान


रोपवे के शुरू होने के बाद कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों तक आवागमन आसान होने की उम्मीद है। यह परियोजना वाराणसी के व्यस्ततम मार्गों पर यातायात के दबाव को कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है।

विज्ञापन

इस परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही वर्ष 2023 में रखी थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसके लोकार्पण को लेकर अब प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में बताई जा रही हैं।


गंजारी क्रिकेट स्टेडियम भी सूची में


प्रधानमंत्री के संभावित वाराणसी दौरे में गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भी प्रमुख परियोजनाओं में शामिल बताया जा रहा है। अक्टूबर में काशी को इन दोनों बड़ी परियोजनाओं के लोकार्पण की सौगात मिलने की संभावना से प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा है।


फिलहाल प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे की तारीख और लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। यदि कार्यक्रम तय होता है तो अक्टूबर में काशी के विकास के लिहाज से यह दौरा अहम माना जाएगा।