gnews BHU के उप कुलसचिव ए. वेलू पर मुकदमा: पत्नी बोली- नर्सिंग अफसर से संबंध, मुझे मानसिक रूप से किया प्रताड़ित - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

BHU के उप कुलसचिव ए. वेलू पर मुकदमा: पत्नी बोली- नर्सिंग अफसर से संबंध, मुझे मानसिक रूप से किया प्रताड़ित

 काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के उप कुलसचिव (शिक्षण) ए. वेलू के खिलाफ उनकी पत्नी की शिकायत पर लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में पत्नी ने एक महिला नर्सिंग अधिकारी के साथ पति के कथित लगातार संवाद और हस्तक्षेप को लेकर पारिवारिक जीवन में गलतफहमियां और अशांति पैदा होने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने पति पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

विज्ञापन
शिकायतकर्ता महिला के मुताबिक, वह वाराणसी में नई हैं और स्थानीय भाषा तथा परिस्थितियों से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। उन्होंने अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी जिक्र पुलिस से की गई शिकायत में किया है। महिला का कहना है कि पारिवारिक विवाद का असर उनके बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है।


महिला नर्सिंग अधिकारी के घर पहुंचीं पत्नी


शिकायत के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले महिला को जानकारी मिली कि उनके पति एक महिला नर्सिंग अधिकारी के घर पर हैं। इस जानकारी के बाद वह वहां पहुंचीं।

विज्ञापन
आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उनके पति ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में घटना का उल्लेख करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है।

विवाद खत्म कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारी से की थी बातचीत की मांग


महिला ने शिकायत में बताया कि पारिवारिक विवाद को समाप्त कराने और मामले को सुलझाने के लिए उन्होंने एक वरिष्ठ अधिकारी से दोनों पक्षों को बुलाकर समझाने का अनुरोध किया था। आरोप है कि इसके बाद उनके पति और संबंधित महिला नर्सिंग अधिकारी उनसे नाराज हो गए।

विज्ञापन
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद उन्हें मानसिक और मनोवैज्ञानिक रूप से परेशान किया जाने लगा। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


पुलिस ने शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर दर्ज किया मुकदमा


लंका थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि महिला की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक बिन्नी रानी गोंड को सौंपी गई है।


थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल पुलिस मामले में सामने आए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।