gnews ढेरही टोल प्लाजा पर किसानों का हंगामा, पेट्रोल छिड़कने की कोशिश; पुलिस ने किसान नेताओं को हिरासत में लिया, विधायक त्रिभुवन राम बोले- फिलहाल टोल संचालन स्थगित - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

ढेरही टोल प्लाजा पर किसानों का हंगामा, पेट्रोल छिड़कने की कोशिश; पुलिस ने किसान नेताओं को हिरासत में लिया, विधायक त्रिभुवन राम बोले- फिलहाल टोल संचालन स्थगित

चोलापुर थाना क्षेत्र के ढेरही टोल प्लाजा को लेकर बुधवार को किसानों का विरोध-प्रदर्शन प्रस्तावित था। पूर्वांचल किसान यूनियन और स्थानीय किसानों की ओर से टोल प्लाजा के विरोध में धरने का ऐलान किया गया था। प्रशासन से प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ किसान नेताओं ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास करने की कोशिश की। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें रोक लिया और हिरासत में ले लिया। पुलिस की तत्परता से मौके पर कोई बड़ी घटना होने से टल गई।
विज्ञापन
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए ढेरही टोल प्लाजा पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील रहा। मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं, कुछ किसान नेताओं को उनके घरों पर ही नजरबंद किए जाने की भी जानकारी सामने आई।

विधायक त्रिभुवन राम का बयान आया सामने

इसी बीच अजगरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक त्रिभुवन राम का वीडियो बयान सामने आया है। विधायक ने ढेरही टोल प्लाजा को लेकर चल रहे पूरे घटनाक्रम पर कहा कि पूर्वांचल किसान यूनियन की ओर से टोल प्लाजा के विरोध में धरना-प्रदर्शन का नोटिस दिया गया था।
विज्ञापन
विधायक त्रिभुवन राम ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने लगातार अधिकारियों से बातचीत की। साथ ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और एनएचएआई के शीर्ष अधिकारियों से भी वार्ता की गई।

विधायक के अनुसार, मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप और उच्चस्तरीय वार्ता के बाद एनएचएआई ने फिलहाल ढेरही टोल प्लाजा के संचालन को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन
विधायक ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसानों की ओर से उठाए जा रहे मुद्दे को लेकर लगातार बातचीत की जा रही थी और उच्चस्तर पर वार्ता के बाद यह निर्णय सामने आया है।

वहीं, किसानों के प्रदर्शन के दौरान आत्मदाह की कोशिश किए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। पुलिस की तत्काल कार्रवाई के चलते कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई।

फिलहाल ढेरही टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।