gnews गंजारी स्टेडियम और रोपवे के उद्घाटन की तैयारी तेज, पीएमओ को भेजी रिपोर्ट; महीने के अंत में काशी आ सकते हैं PM मोदी - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

गंजारी स्टेडियम और रोपवे के उद्घाटन की तैयारी तेज, पीएमओ को भेजी रिपोर्ट; महीने के अंत में काशी आ सकते हैं PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस महीने के अंतिम सप्ताह में संभावित वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक प्रस्तावित सार्वजनिक परिवहन रोपवे की प्रगति रिपोर्ट प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को भेजी जा चुकी है। हालांकि, प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा और कार्यक्रम अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है।

विज्ञापन
संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे के दौरान दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन कराया जा सकता है। इसी को देखते हुए संबंधित विभागों की ओर से दोनों परियोजनाओं के बचे हुए कार्यों को तेजी से पूरा करने की तैयारी की जा रही है।


95 फीसदी पूरा हुआ क्रिकेट स्टेडियम का काम


गंजारी में करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जानकारी के मुताबिक स्टेडियम का करीब 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। फ्लड लाइट लगाने और दर्शक दीर्घा में सीटें लगाने सहित कई प्रमुख कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

विज्ञापन
स्टेडियम में करीब 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। भविष्य में इसकी क्षमता को बढ़ाकर करीब 40 हजार दर्शकों तक किया जा सकेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया था।


अंतिम चरण में पहुंचा कैंट-गोदौलिया रोपवे


वाराणसी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने वाली कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना का काम भी अंतिम चरण में है। करीब 3.75 किलोमीटर लंबे इस रोपवे में कैंट, काशी विद्यापीठ और रथयात्रा स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वहीं, गोदौलिया स्टेशन का निर्माण कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।

विज्ञापन
रोपवे परियोजना के पूरा होने के बाद शहर के व्यस्ततम मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने और यात्रियों को तेज एवं सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।


पीएमओ को भेजी गई प्रगति रिपोर्ट


प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए दोनों परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति, निर्माण कार्य की प्रगति और तैयारियों से संबंधित रिपोर्ट पीएमओ को भेजी जा चुकी है। अब प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की अंतिम स्वीकृति का इंतजार है। यदि दौरा तय होता है तो दोनों परियोजनाएं वाराणसी के विकास की बड़ी उपलब्धियों के रूप में सामने आ सकती हैं।