gnews सीवर-जलभराव पर सड़क पर उतरे लोग, चक्का जाम; कैंट विधायक मुर्दाबाद के लगे नारे, PM जनसंपर्क कार्यालय जाते प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

सीवर-जलभराव पर सड़क पर उतरे लोग, चक्का जाम; कैंट विधायक मुर्दाबाद के लगे नारे, PM जनसंपर्क कार्यालय जाते प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका

शहर में लंबे समय से सीवर जाम और जलभराव की समस्या झेल रहे स्थानीय लोगों का गुस्सा शनिवार सुबह फूट पड़ा। खोजवा पुस्तकालय गली से गुरुधाम राम मंदिर तक सीवर की समस्या और जलभराव के स्थायी समाधान की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने दाहाचौक तिराहा-गुरुधाम और कश्मीरीगंज-गुरुधाम मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

विज्ञापन

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोश इतना बढ़ गया कि प्रदर्शनकारियों ने जलकल विभाग के महाप्रबंधक को भी धरने पर बैठा लिया। 

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में सीवर जाम और जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा लोगों को जलभराव और गंदे पानी के बीच आवागमन करना पड़ता है।

विज्ञापन
धरने की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक सौरभ श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। विधायक के पहुंचते ही प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों ने उनके खिलाफ 'विधायक मुर्दाबाद' के नारे लगाए। हालांकि विधायक ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही बैठकर लोगों से संवाद किया।


विधायक ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि सीवर और जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान कुछ आक्रोशित लोग प्रधानमंत्री के जनसंपर्क कार्यालय की ओर जाने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों की मुख्य मांग सीवर जाम और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की है। उनका कहना है कि केवल अस्थायी सफाई या पानी निकालने की कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा। क्षेत्र में सीवर व्यवस्था को दुरुस्त कर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की जरूरत है।