gnews शिवपुर में अजय मेडिकल्स में बड़ी चोरी, साढ़े 4 लाख नकद और 8 लाख के आभूषण पार; राहुल टी स्टॉल में घुसे तो मलाई भी खाई - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

शिवपुर में अजय मेडिकल्स में बड़ी चोरी, साढ़े 4 लाख नकद और 8 लाख के आभूषण पार; राहुल टी स्टॉल में घुसे तो मलाई भी खाई

शिवपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिमी छोर पर स्थित अजय मेडिकल्स की पिछली दीवार तोड़कर चोर दुकान में दाखिल हुए और करीब चार लाख 50 हजार रुपये नकद तथा लगभग आठ लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। इसके बाद चोरों ने बगल में स्थित राहुल टी स्टॉल का ताला भी तोड़ा और वहां से करीब 500 रुपये नकद निकालने के साथ दुकान में रखी मलाई भी खाई।

विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, अजय मेडिकल्स के संचालक अजय कुमार वर्मा, निवासी ग्राम तेवर बरैछा, थाना चोलापुर, सोमवार रात करीब 12 बजे दुकान बंद कर किराये के मकान पर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जब वह दुकान पहुंचे तो पीछे रेलवे ट्रैक की ओर की दीवार टूटी हुई मिली। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और नकदी व आभूषण गायब थे।


पीड़ित के मुताबिक, दुकान में रखे चार लाख 50 हजार रुपये नकद चोर उठा ले गए। यह रकम एक पार्टी को भुगतान के लिए रखी गई थी। इसके अलावा दुकान में रखी चार सोने की चेन, तीन अंगूठियां और विवाह में मिले अन्य आभूषण भी चोरी हो गए। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है।

विज्ञापन
बताया जा रहा है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए रेलवे ट्रैक की ओर स्थित सुनसान हिस्से का फायदा उठाया। दीवार में सेंध लगाकर दुकान में दाखिल होने के बाद चोरों ने वहां लगा सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़ लिया, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद न हो सकें। इसके बाद चोरों ने बगल स्थित राहुल टी स्टॉल का ताला तोड़ा। वहां गल्ले में रखे करीब 500 रुपये नकद निकालने के बाद दुकान में रखी मलाई भी खाते हुए वहां से निकल गए।


अजय कुमार वर्मा ने बताया कि वर्ष 2019 में उनके किराये के मकान में भी बड़ी चोरी हुई थी। उस घटना के बाद सुरक्षा की चिंता के चलते उन्होंने अपने कीमती आभूषण और नकदी मेडिकल स्टोर में रखना शुरू कर दिया था। हालांकि इस बार मेडिकल स्टोर में ही चोरी होने से परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।

विज्ञापन
एक ही रात में दो दुकानों में चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि सुरक्षा को लेकर लगातार आश्वासन दिए जाने के बावजूद दुकानों में चोरी की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।


घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी और शिवपुर थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास के रास्तों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।


एक ही रात में दो दुकानों में हुई चोरी ने शिवपुर के व्यापारिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब व्यापारियों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और चोरी के खुलासे पर टिकी हैं। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है।