gnews यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अजय राय का बड़ा बयान, राहुल गांधी की तस्वीर साफ कर बोले- ‘मरते दम तक साथ रहूंगा’ - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अजय राय का बड़ा बयान, राहुल गांधी की तस्वीर साफ कर बोले- ‘मरते दम तक साथ रहूंगा’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस में हुए बड़े संगठनात्मक बदलाव के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त की गईं आराधना मिश्रा ‘मोना’ को शुभकामनाएं दी हैं। कांग्रेस ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को यूपी कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि सहारनपुर सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

विज्ञापन
वाराणसी में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि वह एक सामान्य कार्यकर्ता हैं और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व तथा राहुल गांधी के विश्वास की वजह से उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व और राहुल गांधी के समर्थन से उन्होंने वाराणसी में 4.6 लाख वोट हासिल किए और सात राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पीछे किया था।

अजय राय ने कहा कि वह राहुल गांधी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के भरोसे के लिए आभारी हैं। उन्होंने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह पूरी मेहनत के साथ पार्टी को आगे बढ़ाएंगी और कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी होकर उनके विश्वास को मजबूत करेंगी।


‘राजनीति में पद आते-जाते रहते हैं’


अजय राय ने कहा कि राजनीति में पद आते-जाते रहते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वह पिंडरा विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे हैं और लंबे समय से जनता के बीच काम करते आए हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अपने परिवार के माध्यम से रक्तदान तक की व्यवस्था कर लोगों की मदद की है।

विज्ञापन
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कर्मचारियों, ड्राइवरों, स्टाफ, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भी आभार जताया। अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपने राजनीतिक सफर के दौरान इन सभी लोगों ने दिन-रात उनके साथ खड़े होकर उनका सहयोग किया।


‘राहुल गांधी के साथ आखिरी दम तक रहूंगा’


अजय राय ने राहुल गांधी के साथ अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता को लेकर भी खुलकर बात की। राहुल गांधी के साथ अपनी तस्वीर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह “मरते दम तक राहुल गांधी के साथ रहेंगे” और राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाकर ही चैन की सांस लेने की बात कही।

विज्ञापन
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी के साथ उनकी लड़ाई अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ जारी रहेगी। अजय राय ने कहा कि जहां भी अत्याचार और अन्याय हुआ है, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसके खिलाफ आवाज उठाई है और आगे भी वह इसी तरह काम करते रहेंगे।


अजय राय ने पार्टी नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इससे पहले भी कहा था कि जिम्मेदारियां समय के साथ बदलती रहती हैं और वह आगे भी पूरी ताकत के साथ कांग्रेस को मजबूत करने के लिए काम करते रहेंगे।