gnews वाराणसी में राजेंद्र टोयटा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में राजेंद्र टोयटा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित विराट एमएस अपार्टमेंट में शुक्रवार देर रात राजेंद्र टोयटा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। 65 वर्षीय विमल शाह को अपार्टमेंट के लोगों ने आनन-फानन में महमूरगंज स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

विज्ञापन
बताया जा रहा है कि विमल शाह राजेंद्र टोयटा, शाहवाबाद मोहनसराय में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं सेल्स हेड के पद पर कार्यरत थे। वह अपनी पत्नी रितु शाह के साथ मंडुवाडीह स्थित विराट एमएस अपार्टमेंट में पिछले करीब 10 वर्षों से रह रहे थे।


जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात अचानक विमल शाह की तबीयत बिगड़ गई। उनकी हालत खराब होते देख अपार्टमेंट में मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें महमूरगंज स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल पहुंचाया। चिकित्सकों ने देर रात से शनिवार सुबह तक उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

विज्ञापन
विमल शाह की मौत की सूचना मिलते ही राजेंद्र टोयटा के कई अधिकारी और कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। वहीं, अपार्टमेंट के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की।


सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

विज्ञापन
चिकित्सकों के अनुसार, तबीयत बिगड़ने से पहले विमल शाह द्वारा किसी पदार्थ का सेवन किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, उन्होंने किस पदार्थ का सेवन किया था और उसी के कारण मौत हुई या नहीं, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही हो सकेगी।


पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विमल शाह की मौत आत्महत्या, किसी पदार्थ के सेवन अथवा किसी अन्य कारण से हुई है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।