वाराणसी के मलदहिया स्थित माई टेबल बार में पार्टी के दौरान मारपीट, कड़े से वार कर युवक का सिर फोड़ा; एफआईआर दर्ज
सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया स्थित विनायक प्लाजा में संचालित माई टेबल बार (My Table Bar) में 3 अक्टूबर की देर रात पार्टी के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक के सिर पर हाथ में पहने धारदार कड़े से वार कर घायल करने का आरोप है। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर सिगरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
![]() |
| विज्ञापन |
जानकारी के अनुसार, दशाश्वमेध क्षेत्र के गणेशमहल निवासी रितिक कश्यप अपने भाई राहुल और दोस्तों राजकुमार व अंकित सिंह के साथ 3 अक्टूबर की देर रात मलदहिया स्थित माई टेबल बार में पार्टी करने पहुंचे थे। इसी दौरान सिद्धगिरीबाग निवासी पीयूष साधवानी से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया।
![]() |
| विज्ञापन |
पीड़ित की तहरीर के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर पीयूष साधवानी ने मारपीट शुरू कर दी और हाथ में पहने धारदार कड़े से रितिक कश्यप के सिर पर वार कर दिया। हमले में रितिक के सिर में गंभीर चोट लगी और वह घायल हो गए। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत सिगरा थाने में की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पीयूष साधवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मो. जावेद अशरफ को सौंपी गई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, बार में मौजूद लोगों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना को लेकर पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




