gnews वाराणसी में रामलीला के लिए लाया गया हाथी हुआ बेकाबू, हमला कर महावत को किया घायल; दो घंटे तक नहीं हो सका काबू - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में रामलीला के लिए लाया गया हाथी हुआ बेकाबू, हमला कर महावत को किया घायल; दो घंटे तक नहीं हो सका काबू

रामनगर क्षेत्र में आयोजित हो रही विश्व प्रसिद्ध रामलीला के लिए आजमगढ़ के गोसाई लालगंज से लाए गए चार हाथियों में से एक रविवार सुबह अचानक बेकाबू हो गया। हाथी ने अपने ही महावत पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल महावत को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, रामलीला के आयोजन के लिए चार हाथियों को वाराणसी लाया गया था। इनमें से एक हाथी रविवार सुबह अचानक उग्र हो गया और उसने अपने महावत पर हमला कर दिया। 
 

बताया जा रहा है कि घायल महावत करीब एक सप्ताह पहले ही इन हाथियों की देखरेख से जुड़ा था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर भेज दिया।

विज्ञापन
हाथी के बेकाबू होने की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर लंका-पंचवटी मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया। मौके पर भारी भीड़ जुटने के कारण पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालात का जायजा लेने के लिए एसीपी कोतवाली विजय बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
उधर, हाथी को शांत करने के लिए वन विभाग के कर्मचारियों और अन्य महावतों ने प्रयास शुरू किए। हाथी को गन्ना खिलाकर शांत करने की कोशिश की गई, लेकिन करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बावजूद हाथी पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका। हाथी के बेकाबू होने से इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। मौके पर पुलिस और वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए थी।