gnews वाराणसी में सपा का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका; इस्तीफे की मांग - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में सपा का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका; इस्तीफे की मांग

 समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के अंतिम दिन गुरुवार को वाराणसी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं ने शास्त्री घाट से विरोध मार्च निकाला और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका।

विज्ञापन
सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पार्टी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं की जांच कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की।

शास्त्री घाट से जिला मुख्यालय तक निकाला मार्च


प्रदर्शन में वाराणसी जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। शास्त्री घाट से शुरू हुआ विरोध मार्च जिला मुख्यालय की ओर बढ़ा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की।

विज्ञापन
सपा नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है और पात्र मतदाताओं के नाम सूची से छूटने की किसी भी शिकायत की जांच होनी चाहिए। पार्टी की ओर से SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की जांच की मांग भी उठाई गई।


राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा


सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।

विज्ञापन
चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के माध्यम से पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठा रही है। उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मताधिकार की रक्षा को लेकर आवाज उठाना है।


पहले भी विधानसभा क्षेत्रों में हो चुका है प्रदर्शन


सपा की ओर से इससे पहले भी वाराणसी जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रदर्शन किए गए थे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की थी और कुछ स्थानों पर पुतला दहन भी किया गया था। वाराणसी में सोमवार को लंका गेट पर भी सपा महानगर इकाई ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका था।


‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत वाराणसी में 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर बड़े प्रदर्शन की घोषणा सपा ने पहले ही की थी। पार्टी ने अभियान के दौरान SIR, मतदाता सूची और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही थी।