gnews बीएचयू की डॉ. श्यामा कुमारी ने दक्षिण कोरिया में प्रस्तुत किया शोधपत्र, हिंदुस्तानी संगीत और फ़ारसी परंपरा के अंतर्संबंधों पर किया शोध - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

बीएचयू की डॉ. श्यामा कुमारी ने दक्षिण कोरिया में प्रस्तुत किया शोधपत्र, हिंदुस्तानी संगीत और फ़ारसी परंपरा के अंतर्संबंधों पर किया शोध

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के संगीत एवं मंच कला संकाय के गायन विभाग की सहायक आचार्य डॉ. श्यामा कुमारी ने दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शोधपत्र प्रस्तुत कर भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध विरासत को अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंच पर प्रस्तुत किया। उन्होंने 12 नवंबर 2026 को इंडियन एसोसिएशन फॉर साउथ एशियन स्टडीज (आईएएसएएस) के छठे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अपना शोध प्रस्तुत किया।

विज्ञापन
डॉ. श्यामा कुमारी के शोधपत्र का शीर्षक 'हिंदुस्तानी गायन परंपरा में फ़ारसी सौंदर्यशास्त्र: अलंकारिक स्वर-विस्तार एवं सूक्ष्म स्वरांतरों के विकास का ऐतिहासिक एवं संगीतशास्त्रीय अध्ययन' था। इसमें उन्होंने हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन और फ़ारसी संगीत परंपराओं के बीच ऐतिहासिक एवं सांगीतिक संबंधों का विस्तार से विश्लेषण किया।
विज्ञापन
शोध के दौरान भारतीय संगीत के मींड, गमक, मुरकी, खटका और आंदोलन जैसे प्रमुख अलंकारों तथा फ़ारसी संगीत की सुरात्मक अभिव्यक्ति के तुलनात्मक पहलुओं पर प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही भारतीय संगीत की श्रुति अवधारणा और फ़ारसी संगीत में सूक्ष्म स्वरांतरों से संबंधित सिद्धांतों का भी संगीतशास्त्रीय विश्लेषण प्रस्तुत किया गया।
विज्ञापन
अपने शोधपत्र के माध्यम से डॉ. श्यामा कुमारी ने रेखांकित किया कि हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत का विकास विभिन्न सांस्कृतिक परंपराओं के बीच लंबे समय तक चले संवाद, आदान-प्रदान और रचनात्मक समन्वय का परिणाम है। भारतीय और फ़ारसी संगीत परंपराओं के पारस्परिक प्रभावों को समझने की दिशा में यह अध्ययन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


डॉ. श्यामा कुमारी बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय के गायन विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं। वे शिक्षण, शास्त्रीय गायन और शोध गतिविधियों में सक्रिय हैं। सियोल में उनकी यह शोध प्रस्तुति भारतीय शास्त्रीय संगीत की ऐतिहासिक विरासत और बहुसांस्कृतिक स्वरूप को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण अकादमिक उपलब्धि है।