वाराणसी में तालाब किनारे बना मकान ढहा, मलबे में दबकर दो मासूम बहनों की मौत; माता-पिता घायल
रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिम पूरा में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बहनों की जान चली गई। तालाब किनारे बने मकान की दीवार अचानक भरभराकर ढह गई, जिससे परिवार के सदस्य मलबे और तालाब के पानी में दब गए। हादसे में सात वर्षीय आफिया और चार वर्षीय पलक की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
![]() |
| विज्ञापन |
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की नींद खुल गई। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चियों की तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। करीब सात घंटे तक चले अभियान के बाद बुधवार सुबह 7:30 बजे दोनों बच्चियों के शव मलबे से बाहर निकाले गए।
![]() |
| विज्ञापन |
दादा ने बताया, कैसे हुआ हादसा
बच्चियों के दादा सिराजुद्दीन ने बताया कि रात में परिवार के सभी लोग सो रहे थे। उनका बेटा, बहू और चार बच्चे मकान के अंदर थे, जबकि वह खुद बाहर सो रहे थे। अचानक दीवार गिरने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। उन्होंने देखा कि बेटा और बहू चिल्लाते हुए बच्चों के डूबने की बात कह रहे थे।
इसके बाद उन्होंने तत्काल तालाब में छलांग लगा दी। कुछ ही देर में गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। उनके भाई ने भी तालाब में उतरकर बच्चों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। बाद में पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की।
![]() |
| विज्ञापन |
चार कमरों के मकान में रहता था परिवार
सिराजुद्दीन का मकान चार कमरों का है, जिसके सामने टिनशेड लगा हुआ है। उनके तीन बेटे हैं। सबसे बड़े बेटे अजुद्दीन उर्फ कल्लू की शादी हो चुकी है, जबकि दो अन्य बेटों की शादी नहीं हुई है। अजुद्दीन अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ मकान के एक कमरे में रहते थे। परिवार के अन्य सदस्य बाकी तीन कमरों में रहते हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तालाब के किनारे मकान होने के कारण दीवार में नमी और सीलन की समस्या थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से दीवार कमजोर होकर ढह गई।
एसीपी ने दी हादसे की जानकारी
रोहनिया के सहायक पुलिस आयुक्त अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि दीवार गिरने से दो बच्चियों की मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम रात में मौके पर पहुंच गई थी और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया था। दोनों बच्चियों के शव मलबे से निकाल लिए गए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



