gnews BJP विधायक के करीबी के KJ होटल में युवती की गला रेतकर हत्या, फंदे से लटका मिला युवक का शव - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

BJP विधायक के करीबी के KJ होटल में युवती की गला रेतकर हत्या, फंदे से लटका मिला युवक का शव

बाबतपुर स्थित केजे इंटरनेशनल होटल में सोमवार (16 नवंबर) को उस समय हड़कंप मच गया, जब होटल के एक कमरे में युवक और युवती के शव मिले। युवती के गले पर चाकू से वार किए जाने का निशान था, जबकि युवक का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में युवक द्वारा युवती की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थे।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान जय विकास केसरी (20), पुत्र राज प्रकाश केसरी, निवासी भिखारीपुर, डीएलडब्ल्यू, थाना मंडुवाडीह और प्रिया केसरी (23), पुत्री नंदलाल केसरी, निवासी बसनी, थाना बड़ागांव के रूप में हुई है। होटल के एंट्री रजिस्टर में दोनों के नाम दर्ज मिले।

विज्ञापन 

घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और थाना प्रभारी बड़ागांव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक, दोनों के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। परिजनों की मौजूदगी में होटल के कमरे का दरवाजा तोड़कर खुलवाया गया। कमरे के अंदर दोनों मृत अवस्था में मिले। युवती के गले पर चाकू से वार किए जाने का निशान था, जबकि युवक का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया।

विज्ञापन 

पुलिस ने बताया कि युवक और युवती आपस में रिश्तेदार थे। युवक, युवती की बहन का देवर था। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक ने पहले युवती की हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।


घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम समेत अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

विज्ञापन 

बताया जा रहा है कि केजे इंटरनेशनल होटल भाजपा विधायक के एक करीबी का है। होटल को लेकर पूर्व में भी कथित तौर पर अवांछनीय गतिविधियों की शिकायतें प्रशासन तक पहुंचने की बात सामने आई थी। हालांकि, इन शिकायतों और उन पर हुई कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।