gnews काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का प्रस्ताव संजय गांधी ने रखा था, सोनिया गांधी की किताब में दावा; इंदिरा गांधी ने विरोध की आशंका पर रुकवाया था काम - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का प्रस्ताव संजय गांधी ने रखा था, सोनिया गांधी की किताब में दावा; इंदिरा गांधी ने विरोध की आशंका पर रुकवाया था काम

काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र के विकास और चौड़ीकरण को लेकर दशकों पहले भी एक बड़ी योजना बनाई गई थी। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में इसका जिक्र करते हुए दावा किया है कि काशी विश्वनाथ क्षेत्र के सुधार और विस्तार का प्रस्ताव पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी ने आपातकाल के दौरान रखा था। हालांकि, मकानों की बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ और स्थानीय लोगों के विरोध की आशंका को देखते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इस योजना को रुकवा दिया था।

विज्ञापन
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि आपातकाल के दौरान संजय गांधी ने विश्व के प्राचीनतम शहरों में शामिल वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र के चौड़ीकरण और सुधार का प्रस्ताव रखा था। इस योजना के तहत मंदिर के आसपास के इलाके को व्यवस्थित करने की बात थी। लेकिन इसके लिए बड़ी संख्या में मकानों को तोड़े जाने की आशंका थी। स्थानीय जनता के विरोध की संभावना को देखते हुए इंदिरा गांधी ने हस्तक्षेप किया और प्रस्तावित काम को रुकवा दिया।
विज्ञापन
सोनिया गांधी की किताब में वाराणसी से जुड़ा एक दूसरा महत्वपूर्ण प्रसंग भी शामिल है। उन्होंने अगस्त 2016 में अपने वाराणसी दौरे के दौरान हुई घटना का जिक्र किया है। उस समय उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन था। राहुल गांधी और अखिलेश यादव के संयुक्त रोड शो से पहले सोनिया गांधी ने वाराणसी में एक चुनावी रैली को संबोधित किया था।


किताब के मुताबिक, चुनावी कार्यक्रम के दौरान करीब पांच घंटे तक चले रोड शो के बाद अत्यधिक थकान के चलते सोनिया गांधी बेहोश होकर गिर गई थीं। इस घटना में उनका कंधा बुरी तरह टूट गया था। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया, जहां उन्हें गंभीर ऑपरेशन से गुजरना पड़ा।

विज्ञापन
बताया गया है कि तबीयत बिगड़ने के बाद सोनिया गांधी को एक होटल में रखा गया था। बाद में देर रात बाबतपुर एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस के जरिए उन्हें दिल्ली पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज हुआ।


सोनिया गांधी की किताब में किए गए इन उल्लेखों के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र के विकास की दशकों पुरानी योजना और वर्ष 2016 के उनके वाराणसी दौरे की घटना एक बार फिर चर्चा में है।