वाराणसी के थानों पर लगेंगे अपराधियों के फोटो-बायोडाटा, साइबर क्राइम नेटवर्क खंगालने के निर्देश
अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने रविवार रात कैंप कार्यालय पर अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने थानेदारों को सख्त निर्देश दिए कि थाना क्षेत्रों में जुआ, सट्टा और वेश्यावृत्ति जैसे अपराधों पर तत्काल कार्रवाई हो। साथ ही संलिप्त अपराधियों की नाम व फोटो सहित सूची तैयार कर थानों के प्रमुख स्थानों पर लगाई जाए।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि थानों में प्रत्येक बीट को यूनिक नम्बर दिया जाएगा। हिस्ट्रीशीटरों और संपत्ति-सम्बंधित अपराधियों के नाम, पते और अपराध विवरण अंकित कर चार्ट थानों पर प्रदर्शित किया जाए। वहीं शोहदों की सूची बनाकर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में गौ-तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा तथा स्पा सेंटर की आड़ में हो रहे अनैतिक कार्यों पर कठोर कार्यवाही पर जोर रहा। जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण, हर घटना पर संवेदनशील प्रतिक्रिया और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर दंडात्मक कार्रवाई की बात भी कही गई।
साइबर अपराध पर फोकस
पुलिस कमिश्नर ने साइबर अपराधों के बढ़ते नेटवर्क को चुनौती बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि साइबर थाना/सेल के पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए, आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए और सभी पुलिसकर्मियों के लिए CyTrain Course अनिवार्य किया जाए।
यातायात सुधार व अतिक्रमण पर भी जोर
बैठक में यातायात व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने का मुद्दा भी चर्चा में रहा। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि सीयूजी फोन हर हाल में उठाना पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण थानेदारों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी घटना को छोटी समझकर टालने या अनदेखा करने की प्रवृत्ति अस्वीकार्य होगी।

