शाइन सिटी घोटाले का मास्टरमाइंड राशिद नसीम दुबई में गिरफ्तार, भारत ले आने की तैयारियां तेज
बहुचर्चित शाइन सिटी घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुरोध पर आरोपी राशिद नसीम को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शहर दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। बताया जा रहा है कि दुबई पुलिस ने भारतीय एजेंसियों के इनपुट और डोजियर के आधार पर यह कार्रवाई की।
![]() |
| विज्ञापन |
राशिद नसीम, रियल एस्टेट कंपनी शाइन सिटी ग्रुप का प्रमोटर है। उस पर उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के हजारों निवेशकों से सैकड़ों करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। जांच एजेंसियों के अनुसार, नसीम ने फर्जी रियल एस्टेट योजनाओं और मल्टी-लेवल मार्केटिंग के जरिए 800 से 1000 करोड़ रुपये तक की रकम जुटाई और बाद में देश छोड़कर दुबई भाग गया था।
इस मामले में जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जनवरी 2026 में यूएई अधिकारियों को एक विस्तृत डोजियर सौंपा था। इस डोजियर में नसीम के खिलाफ भारत में दर्ज मामलों, धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई कार्रवाई और भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम (एफईओए) के अंतर्गत की गई कार्यवाही का पूरा विवरण शामिल था।
![]() |
| विज्ञापन |
गौरतलब है कि लखनऊ की विशेष पीएमएलए अदालत ने अप्रैल 2025 में राशिद नसीम को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज 554 मामलों का संज्ञान लेने के बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। नसीम पर 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
जांच के दौरान प्रयागराज, लखनऊ और अन्य जिलों में नसीम और उससे जुड़ी कंपनियों की कई अवैध संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे जल्द ही भारत प्रत्यर्पित किया जाएगा।
![]() |
| विज्ञापन |
निवेशकों को लंबे समय से इस गिरफ्तारी का इंतजार था। एजेंसियों का कहना है कि नसीम की गिरफ्तारी से घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में भी तेजी आएगी और पीड़ित निवेशकों को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

.jpg)

