gnews वाराणसी में चाकू मारकर युवक की हत्या, कमरे में खून से लथपथ मिला शव; दोस्त हिरासत में - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में चाकू मारकर युवक की हत्या, कमरे में खून से लथपथ मिला शव; दोस्त हिरासत में

भेलूपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी, बजरडीहा में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह युवक का शव उसके कमरे में खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के साथ कमरे में रहने वाले उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दीपांशु राय के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त खुश पांडेय के साथ बड़ी गैबी स्थित वीडीए कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता था। सोमवार रात करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दीपांशु अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ा है।

सूचना पर भेलूपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर दीपांशु राय का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

विज्ञापन
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि दीपांशु राय और खुश पांडेय एक ही कमरे में रहते थे। प्रथम दृष्टया युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने की आशंका है। मौके पर मौजूद उसके साथी खुश पांडेय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।