वाराणसी के यू.पी. कॉलेज में खूनी वारदात: कैंपस में छात्र को मारी गोली, मौत से हड़कंप
शहर के प्रतिष्ठित उदय प्रताप कॉलेज (यू.पी. कॉलेज) में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब छात्रों के बीच हुए पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक छात्र को गोली मार दी गई। इस घटना में बीए द्वितीय वर्ष के छात्र सूर्यप्रताप सिंह (निवासी कपसेठी) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूर्यप्रताप सिंह रोज की तरह कॉलेज पहुंचे थे और सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में मौजूद थे। तभी चांदमारी निवासी छात्र मनजीत वहां पहुंचा और पूर्व विवाद के चलते नजदीक से उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुए हमले में तीन गोलियां सूर्यप्रताप के शरीर में जा लगीं, जिससे
![]() |
| विज्ञापन |
वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर खून फैल गया और उनकी किताबें-कॉपी बिखर गईं।
घटना के तुरंत बाद आरोपी मनजीत मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि भागते समय उसने पिस्टल को पास ही कूड़े में फेंक दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को तत्काल इलाज के लिए सिंह मेडिकल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
छात्र की मौत की खबर मिलते ही कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। गुस्साए छात्रों ने मुख्य गेट बंद कर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और अन्य छात्रों को सुरक्षा के मद्देनजर परिसर से बाहर निकाला गया।
मौके पर पहुंचे डीसीपी प्रमोद कुमार ने हालात का जायजा लिया,
![]() |
| विज्ञापन |
जबकि एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि छात्र को सीने के ऊपर गोली लगी थी और हालत बेहद गंभीर थी, जिसके चलते उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर मौजूद छात्रों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। कॉलेज प्रशासन ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए छात्रों की सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि यू.पी. कॉलेज परिसर में पहले भी विवाद और हिंसा की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने छात्रों और शिक्षकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों और छात्रों ने कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।


