छात्र की हत्या के बाद भड़का गुस्सा, प्राचार्य आवास पर छात्रों का हमला
यूपी कॉलेज में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना ने पूरे परिसर को दहला दिया। सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद आक्रोशित छात्रों ने प्राचार्य के आवास पर हमला बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीए द्वितीय सेमेस्टर के छात्र मंजीत चौहान ने अपने दो साथियों अनुज सिंह और करण चौहान के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के
![]() |
| विज्ञापन |
मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे मंजीत अपने साथियों के साथ बरामदे में पहुंचा और सूर्य प्रताप सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में सूर्य के सिर, सीने और कमर में तीन गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घायल छात्र को तत्काल प्राचार्य की कार से सिंह मेडिकल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। गुस्साए छात्रों ने प्राचार्य प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार सिंह के सरकारी आवास की ओर कूच कर दिया। वहां तैनात गार्ड को धमकाते हुए भगा दिया गया। इस दौरान स्टाफ सदस्य कृपा शंकर पर भी हमला करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई।
करीब 50 की संख्या में पहुंचे छात्रों ने प्राचार्य के निजी वाहन को गमलों और फावड़े से क्षतिग्रस्त कर दिया। प्राचार्य की मां ने छात्रों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति तब तक बेकाबू हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया।
वारदात के बाद आरोपी मंजीत चौहान मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि वह सामाजिक विज्ञान संकाय की पहली मंजिल पर पहुंचा और पीछे की दीवार फांदकर फरार हो गया। भागते समय उसकी
![]() |
| विज्ञापन |
पिस्टल नीचे गिर गई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। अन्य आरोपी भी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
सूचना मिलते ही डीसीपी प्रमोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। कॉलेज परिसर में एहतियातन भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
मृतक सूर्य प्रताप सिंह गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र के दुबैथा गांव का निवासी था और कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले उसका मंजीत चौहान से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे इस हत्या की वजह माना जा रहा है।


