gnews वाराणसी में गंगा की बीच धारा में नाव पर इफ्तार पार्टी, बिरयानी परोसने का वीडियो वायरल; केस दर्ज - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में गंगा की बीच धारा में नाव पर इफ्तार पार्टी, बिरयानी परोसने का वीडियो वायरल; केस दर्ज

काशी में गंगा नदी के बीच नाव पर आयोजित इफ्तार पार्टी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सोमवार शाम गंगा की बीच धारा में नाव पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें रोजेदारों को फल और मेवा के साथ बिरयानी भी परोसी गई। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।

विज्ञापन

बताया जा रहा है कि शहर के एक युवक ने रोजा इफ्तार के लिए कुछ लोगों को गंगा घाट पर बुलाया था। पहले से बुक कराई गई एक बजड़े (बड़ी नाव) पर इफ्तार की पूरी व्यवस्था की गई थी। नाव पर मौजूद रोजेदारों ने पहले नमाज अदा की और उसके बाद खजूर व फल खाकर रोजा खोला। इसके बाद बिरयानी समेत अन्य खाने-पीने की सामग्री परोसी गई।

इफ्तार पार्टी के दौरान बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा और हिंदूवादी संगठनों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।


भाजयुमो महानगर अध्यक्ष ने दर्ज कराई FIR

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मुस्लिम समुदाय के कुछ युवकों ने गंगा में नाव पर बैठकर इफ्तार के दौरान बिरयानी खाई और बचा हुआ भोजन गंगा में फेंक दिया।

विज्ञापन

तहरीर में कहा गया है कि इस कृत्य से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने घटना का वीडियो भी पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपा है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही नाव चालक के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस निरस्त करने की मांग की गई है।


पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और उसके आधार पर इफ्तार पार्टी के आयोजक व अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।