वाराणसी में घरेलू गैस को लेकर प्रशासन का बड़ा अपडेट, बुकिंग के 26वें दिन मिलेगी डिलीवरी
इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच गैस सिलेंडर की कमी को लेकर बाजार में फैल रही अफवाहों के कारण शहर की कई गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ने लगी है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और अफवाहों पर नजर रखी जा रही है।
इसी क्रम में मंगलवार को एडीएम सिविल सप्लाई अमित भारतीय की अध्यक्षता में जिले की समस्त पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता और आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई।
![]() |
| विज्ञापन |
बैठक में कंपनियों के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और किसी प्रकार का बैकलॉग भी नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को नियमानुसार केवल ऑनलाइन बुकिंग करनी होती है। गैस सिलेंडर लेने की तिथि के 25 दिन बाद दोबारा बुकिंग की जा सकती है और 26वें दिन उपभोक्ता के घर पर सिलेंडर की आपूर्ति कर दी जाती है।
हालांकि बैठक में यह भी सामने आया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति फिलहाल कम हो रही है, जिसके कारण कई उपभोक्ताओं तक सिलेंडर समय पर नहीं पहुंच पा रहा है। एजेंसियों का कहना है कि प्लांट से ही कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं आ रही है। हालांकि इसे बंद करने के लिए अभी तक कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है।
![]() |
| विज्ञापन |
एडीएम सिविल सप्लाई ने बैठक के दौरान जिले में सीएनजी और पीएनजी की स्थिति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सीएनजी और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और संतोषजनक है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही बुकिंग करें।
महत्वपूर्ण आंकड़े:
जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या: 10,65,634
कमर्शियल गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं की संख्या: 5,255


