gnews वाराणसी में दिल दहला देने वाली घटना: पति के सामने पत्नी ने मासूम बेटी संग ट्रेन के आगे लगाई छलांग, दोनों की मौत - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में दिल दहला देने वाली घटना: पति के सामने पत्नी ने मासूम बेटी संग ट्रेन के आगे लगाई छलांग, दोनों की मौत

वाराणसी के पंचकोसी मार्ग स्थित चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपनी तीन साल की मासूम बेटी के साथ ट्रेन के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अपनी आंखों के सामने यह मंजर देख पति बेहोश होकर गिर पड़ा।

विज्ञापन

बताया जा रहा है कि जंसा थाना क्षेत्र के लक्ष्छीपुर रामेश्वर गांव निवासी अजीत कुमार अपनी पत्नी अनीता देवी (22 वर्ष) और तीन वर्षीय बेटी दर्शना के साथ बाइक से भाऊपुर बाजार दवा दिलाने आए थे। दवा लेने के बाद तीनों चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक मिष्ठान की दुकान पर नाश्ता करने लगे।


नाश्ते के दौरान अनीता देवी ने अपने पति से कहा कि चौखंडी रेलवे स्टेशन के पास उसकी एक सहेली रहती है और वह उससे मिलना चाहती है। यह कहकर वह अपनी बेटी को लेकर दुकान से बाहर निकल गई। संयोग से उसी समय वाराणसी से भदोही की ओर जा रही सारनाथ एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। महिला ने अचानक अपनी बेटी के साथ ट्रेन के सामने छलांग लगा दी।


घटना इतनी अचानक हुई कि पति कुछ समझ पाता, उससे पहले ही मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक दृश्य देखकर पति अजीत कुमार बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा।

विज्ञापन

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां चीख-पुकार और कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि अजीत कुमार बाहर रहकर काम करता था और करीब दो माह पहले ही गांव लौटा था। मृतका अनीता देवी का मायका जंसा थाना क्षेत्र के सत्तनपुर गांव में बताया गया है।


फिलहाल राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) भदोही ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।