gnews खालिसपुर में मनीष सिंह हत्याकांड में दबिश देने गई पुलिस पर हमला, दो पुलिसकर्मी बंधक; आरोपी फरार - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

खालिसपुर में मनीष सिंह हत्याकांड में दबिश देने गई पुलिस पर हमला, दो पुलिसकर्मी बंधक; आरोपी फरार

फूलपुर थाना क्षेत्र में मनीष सिंह हत्याकांड की जांच के दौरान खालिसपुर गांव में बड़ा बवाल हो गया। आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया और दो पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की।

बताया जा रहा है कि भरथरा (घमहापुर) निवासी मनीष सिंह की रविवार रात सड़क हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। 

विज्ञापन

इसी मामले में एक आरोपी के खालिसपुर गांव में छिपे होने की सूचना पर पुलिस टीम रविवार रात गांव पहुंची थी।

सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिसकर्मी एक संदिग्ध युवक को पकड़कर ले जा रहे थे, तभी ग्रामीणों ने उन्हें पीड़ित पक्ष का समझ लिया और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई कर दी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी मौके से भाग निकला, जबकि दो को पकड़कर बंधक बना लिया गया। उनके साथ मारपीट की गई और पिस्टल छीनने की भी बात सामने आई है।

फरार पुलिसकर्मी ने अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद फूलपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पुलिसकर्मियों को छुड़ाया। 


हालांकि, इस दौरान पकड़ा गया आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान सहित अन्य अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों ने गलतफहमी में यह कदम उठाया और मामले में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।