gnews लोहता के खेत में मिली महिला की लाश: सिर कूचकर हत्या, पहचान मिटाने की साजिश - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

लोहता के खेत में मिली महिला की लाश: सिर कूचकर हत्या, पहचान मिटाने की साजिश

वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने खेत में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा देखा। करीब 35 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया था। हमलावरों ने पहचान छिपाने के इरादे से महिला के सिर और चेहरे को पत्थरों से बुरी तरह कूच दिया।

जानकारी के अनुसार, सुबह खेत पर पहुंचे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। सबसे पहले हरपालपुर गांव में इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद लोहता थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया। 

विज्ञापन


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। घटनास्थल की स्थिति और शव की हालत देखकर वारदात की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मौके से महिला का एक आधार कार्ड भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है। 

विज्ञापन


शुरुआती जांच में हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

पुलिस अब आधार कार्ड के जरिए शिनाख्त करने में जुटी है और जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी व अपहरण के मामलों को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही आसपास के गांवों में भी पूछताछ कर संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं।