वाराणसी में बोरे में मिली हड्डियों से हड़कंप, दो युवक हिरासत में; ई-रिक्शा पर ले जाते समय बदबू आने पर लोगों ने रोका
लंका थाना क्षेत्र में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक ई-रिक्शा पर रखे बोरे से बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने उसे रोककर जांच की। बोरा खोलने पर उसमें हड्डियां मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा पर सवार दो युवकों और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
![]() |
| विज्ञापन |
जानकारी के अनुसार लंका-सामनेघाट रोड पर स्थानीय निवासी सत्यम बुधवार रात सामनेघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ-साथ चल रहे एक ई-रिक्शा पर लदे बोरे से तेज बदबू आ रही थी। शक होने पर उन्होंने ई-रिक्शा को रुकवाकर पूछताछ की। इस दौरान ई-रिक्शा पर बैठे दो युवक स्पष्ट जवाब नहीं दे सके और बात घुमाने लगे।
![]() |
| विज्ञापन |
शक गहराने पर सत्यम ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा को रोककर बोरे की तलाशी ली। बोरा खोलने पर उसमें हड्डियां मिलीं, जिसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों और ई-रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया।
प्रतिबंधित जानवर की होने का संदेह
इस मामले में एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि वादी की तहरीर पर संदेह के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बोरे में मिली हड्डियां किसी प्रतिबंधित जानवर की हो सकती हैं और उन्हें रात में ले जाया जा रहा था।
फॉरेंसिक और पशु चिकित्सक कर रहे जांच
एसीपी ने बताया कि बोरे से बरामद हड्डियों की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और पशु चिकित्सक को बुलाया गया है। जांच से यह स्पष्ट होगा कि हड्डियां किस जानवर की हैं। फिलहाल हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


