gnews वाराणसी में पारिवारिक कलह से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या, घर में मचा कोहराम - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में पारिवारिक कलह से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या, घर में मचा कोहराम

सिगरा थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह से परेशान एक 25 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अरविंद (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और एक निजी व्यक्ति की गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।


पारिवारिक विवाद से था परेशान

मृतक के पिता राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि अरविंद ने कुछ समय पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही उसकी पत्नी अंजलि के साथ अक्सर विवाद और झगड़ा होता रहता था। इसी वजह से घर का माहौल भी लगातार तनावपूर्ण बना हुआ था।

विज्ञापन

परिजनों के मुताबिक, अरविंद अपनी शादीशुदा जिंदगी से काफी परेशान था। उसने एक दिन पहले ही अपनी मां को फोन कर पत्नी से तलाक दिलाने की बात कही थी। पिता ने उसे भरोसा दिलाया था कि वे किसी वकील से बात करके जल्द ही इस समस्या का समाधान निकालेंगे, लेकिन उससे पहले ही अरविंद ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।


पत्नी मायके गई हुई थी


बताया जा रहा है कि घटना के समय अरविंद की पत्नी अपने मायके पिशाचमोचन गई हुई थी। सुबह करीब 11 बजे जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


अरविंद की एक छोटी बेटी भी है। युवक की मौत के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।