gnews वाराणसी बॉर्डर पर गैंगवार जैसी वारदात, पैसों के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग,चार युवक लहूलुहान - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी बॉर्डर पर गैंगवार जैसी वारदात, पैसों के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग,चार युवक लहूलुहान

वाराणसी की सीमा से सटे पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सहजौर गांव के पास रिंग रोड पर शनिवार देर रात वर्चस्व और पैसों के लेनदेन के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई। बाइक चलाने और पुराने हिसाब-किताब को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। घटना में चार युवकों को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर बीएचयू रेफर किया गया है।

विज्ञापन

पुलिस के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रिंग रोड पर मोटरसाइकिल चलाने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ था। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने पिस्टल निकालकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में सोनू यादव (24) निवासी छैमिया, मुगलसराय के पेट में गोली लगी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। 

विज्ञापन

वहीं कृष्ण यादव (25) निवासी गोहदा सकलडीहा, गोलू यादव उर्फ राजकुमार (25) निवासी पूर बबुरी और अक्षय सिंह (26) निवासी चकिया, चंदौली भी घायल हुए हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार तीन घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन सभी को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।


विज्ञापन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लहंगे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। तनाव की स्थिति को देखते हुए सहजौर और छैमिया गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है। क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन और क्षेत्रीय वर्चस्व का विवाद सामने आया है। पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस व विशेष टीमों की मदद से लगातार दबिश दी जा रही है।