gnews वाराणसी में कमर्शियल गैस की सप्लाई ठप, होटल- रेस्टोरेंट का कामकाज प्रभावित - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में कमर्शियल गैस की सप्लाई ठप, होटल- रेस्टोरेंट का कामकाज प्रभावित


काशी में इन दिनों एलपीजी गैस की किल्लत से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और मैरिज गार्डन संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति लगभग बंद होने से कई जगहों पर कामकाज प्रभावित होने लगा है, जबकि कई छोटे रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।

शहर के प्रतिष्ठित एलपीजी व्यापारी और हर्ष गैस के मालिक कुमार अग्रवाल ने The Varanasi News से एक्सक्लूसिव बातचीत में बताया कि इस समय गैस की आपूर्ति में भारी कमी चल रही है। 

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई किसी तरह जारी है, लेकिन उसमें भी करीब 20 प्रतिशत तक शॉर्टेज देखने को मिल रही है।

कुमार अग्रवाल के अनुसार, सबसे ज्यादा समस्या कमर्शियल गैस को लेकर है। उन्होंने बताया कि पहले उनकी एजेंसी से हर महीने लगभग 1000 कमर्शियल गैस सिलेंडर होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सप्लाई होते थे, लेकिन फिलहाल कमर्शियल गैस की सप्लाई पूरी तरह बंद हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि ढाबों में किसी तरह कोयले या अन्य विकल्पों से खाना बनाकर काम चलाया जा रहा है, लेकिन जो रेस्टोरेंट और क्लब बहुमंजिला इमारतों में चल रहे हैं, वहां सबसे ज्यादा संकट खड़ा हो गया है। 

विज्ञापन


गैस न मिलने की वजह से कई रेस्टोरेंट संचालक काम बंद करने की स्थिति में पहुंच गए हैं।

कुमार अग्रवाल ने बताया कि गैस की कमी को लेकर लगातार होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के फोन आ रहे हैं, लेकिन उनके पास फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं, जिससे वे सप्लाई देने में असमर्थ हैं।

गैस की इस किल्लत से शहर के खानपान व्यवसाय पर सीधा असर पड़ रहा है। यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो काशी के कई छोटे-बड़े होटल और रेस्टोरेंट अस्थायी रूप से बंद होने की स्थिति में आ सकते हैं।