gnews वाराणसी के तुलसी घाट पर गंगा में डूबे दो युवक, 18 वर्षीय की मौत, किशोर लापता - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी के तुलसी घाट पर गंगा में डूबे दो युवक, 18 वर्षीय की मौत, किशोर लापता

वाराणसी में रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तुलसी घाट पर नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक 12 वर्षीय किशोर लापता हो गया। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से करीब 15 लोगों का एक परिवार वाराणसी घूमने और गंगा स्नान के लिए आया हुआ था। रविवार सुबह करीब 7 बजे परिवार के लोग तुलसी घाट पर गंगा में स्नान कर रहे थे। 

विज्ञापन

इसी दौरान 18 वर्षीय निखिल और 12 वर्षीय आयुष नहाते-नहाते गहरे पानी की ओर चले गए। कुछ ही देर में दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे।

घाट पर मौजूद लोगों ने दोनों को पहले ही चेतावनी दी थी कि आगे पानी ज्यादा गहरा है और वहां न जाएं। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक ने कहा कि उसे तैरना आता है, लेकिन इसके बावजूद वह आगे बढ़ गया। उसके साथ मौजूद 

विज्ञापन

छोटा बालक भी उसके पीछे-पीछे चला गया। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में फंस गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश भी की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तुरंत राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की टीम ने 18 वर्षीय निखिल को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

वहीं 12 वर्षीय आयुष की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। गोताखोरों और एनडीआरएफ की दो टीमें गंगा में किशोर की तलाश में जुटी हुई हैं।

हादसे के बाद तुलसी घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और राहत टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।