gnews वाराणसी में विंध्याचल से लौट रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 की मौत; ओवरब्रिज से 30 फीट नीचे गिरा एक व्यक्ति - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में विंध्याचल से लौट रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 की मौत; ओवरब्रिज से 30 फीट नीचे गिरा एक व्यक्ति

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसा मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद गाड़ी बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग विंध्याचल धाम में दर्शन-पूजन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास हाईवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी में सवार लोग उछलकर बाहर जा गिरे। हादसे में तीन लोग हाईवे पर जा गिरे, जबकि एक व्यक्ति ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे गिर गया।
विज्ञापन
इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने राहत-बचाव में मदद की और घटना की सूचना पुलिस को दी।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने हादसे से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक की पीछे से हुई जोरदार टक्कर इस भीषण हादसे की वजह बनी।


विंध्याचल धाम में दर्शन कर लौट रहे लोगों के साथ हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। हालांकि, मृतकों और घायलों की पहचान सहित अन्य विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।