gnews चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: कोयला कारोबारी विनय राय उर्फ पमपम वाराणसी से गिरफ्तार, CBI ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले गई - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: कोयला कारोबारी विनय राय उर्फ पमपम वाराणसी से गिरफ्तार, CBI ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले गई

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। सीबीआई की टीम ने मंगलवार सुबह वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन के पास से कोयला कारोबारी विनय राय उर्फ पमपम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गाजीपुर जिले के जमानिया कोतवाली क्षेत्र के मतसा गांव का निवासी बताया जा रहा है और झारखंड के धनबाद में रहकर कोयला कारोबार करता था।

विज्ञापन
सीबीआई ने आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत में पेश किया, जहां से उसे 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई के हवाले कर दिया गया। इसके बाद जांच एजेंसी आरोपी को अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गई। इस मामले में पूर्वांचल से यह तीसरी गिरफ्तारी मानी जा रही है। इससे पहले बलिया निवासी राज सिंह और राजकुमार सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है।


हत्या की साजिश में अहम भूमिका का आरोप


सीबीआई सूत्रों के अनुसार, विनय राय उर्फ पमपम पर हत्या की साजिश रचने, शूटर उपलब्ध कराने, फंडिंग करने और हथियारों की व्यवस्था कराने का आरोप है। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ गाजीपुर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।


बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच के दौरान पूर्वांचल, बिहार और झारखंड से जुड़े करीब नौ संदिग्ध युवकों की पहचान की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में विनय राय उर्फ पमपम और गाजीपुर निवासी संजय राय का नाम सामने आया था। इसके बाद सीबीआई लगातार गाजीपुर, बलिया और वाराणसी में दबिश दे रही थी।


लगातार बदल रहा था ठिकाना


सीबीआई के अनुसार, शूटर राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी के बाद से ही विनय राय उर्फ पमपम की तलाश तेज कर दी गई थी। हालांकि वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और अपने गांव मतसा से भी फरार हो गया था। इसी बीच एजेंसी को सूचना मिली कि आरोपी वाराणसी के कैंट क्षेत्र में मौजूद है। 

विज्ञापन
इसके बाद सीबीआई टीम ने दबिश देकर पुलिस लाइन के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी रेलवे स्टेशन की ओर भागने की फिराक में था।


छह मई को हुई थी सनसनीखेज हत्या


गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 6 मई 2026 को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कार से जा रहे चंद्रनाथ रथ पर हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की थी, जिसमें उनके पेट और सीने में तीन गोलियां लगी थीं। सीबीआई के अनुसार, इस हत्याकांड में बलिया निवासी शूटर राजकुमार सिंह ने फायरिंग की थी।


मेडिकल परीक्षण के बाद अदालत में पेशी


गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम आरोपी को कैंट थाने लेकर पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद आरोपी को कचहरी स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। सीबीआई ने अदालत से आरोपी को पूछताछ के लिए कोलकाता ले जाने की अनुमति मांगी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। अदालत ने आदेश दिया है कि आरोपी को 21 मई की शाम छह बजे तक संबंधित न्यायालय में पेश किया जाए।