दालमंडी सड़क चौड़ीकरण पर के.के. सिंह का बड़ा बयान, मस्जिद शिफ्टिंग और मुआवजे दोनों पर प्रशासन तैयार
दालमंडी क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि प्रशासन विकास कार्य को आगे बढ़ाने के साथ-साथ धार्मिक स्थलों और स्थानीय लोगों की भावनाओं का भी पूरा सम्मान करेगा।
![]() |
| विज्ञापन |
के.के. सिंह ने बताया कि दालमंडी रोड चौड़ीकरण योजना में कुल 181 भवन प्रभावित हो रहे हैं, जबकि 6 धार्मिक स्थल भी परियोजना की जद में आए हैं। इनमें एक मस्जिद भी शामिल है, जिसे सार्वजनिक सुविधा से जुड़ा स्थल माना गया है।
उन्होंने कहा, “यदि मस्जिद के लिए दूसरी जगह भूमि चिन्हित की जाती है और वक्फ बोर्ड जमीन उपलब्ध कराता है, तो प्रशासन वहां नई मस्जिद निर्माण कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। अगर संबंधित पक्ष मुआवजा चाहता है, तो प्रशासन उस विकल्प पर भी तैयार है।”
PWD अधिशासी अभियंता के.के. सिंह ने जोर देकर कहा कि सड़क चौड़ीकरण का उद्देश्य केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि दलमंडी जैसे घनी आबादी वाले इलाके में वर्षों पुरानी जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालना है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी होने से व्यापार, आवागमन और आपातकालीन सेवाओं को भी काफी राहत मिलेगी।
![]() |
| विज्ञापन |
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन सभी पक्षों से संवाद बनाकर काम कर रहा है, ताकि विकास कार्य के साथ किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। परियोजना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार बैठकें और सर्वे किए जा रहे हैं।
दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय लोगों, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों के बीच चर्चा तेज हो गई है। वहीं, प्रशासन का दावा है कि यह परियोजना भविष्य में शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देगी।



