gnews नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने छह आरोपियों को दबोचा - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने छह आरोपियों को दबोचा

नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का मंगलवार को वाराणसी पुलिस ने पर्दाफाश किया। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार के निर्देशन में एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना और सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक स्थान पर छापेमारी कर छह लोगों को हिरासत में लिया।

विज्ञापन

पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को कॉल सेंटर संचालक बताकर बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह कोई वैध कॉल सेंटर नहीं था, बल्कि नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला एक संगठित सिंडीकेट संचालित किया जा रहा था।



गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और मोबाइल कॉल के माध्यम से युवाओं से संपर्क करते थे और विभिन्न कंपनियों में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग और सिक्योरिटी फीस के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे। बताया जा रहा है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और कई बेरोजगार युवक-युवतियां इनके झांसे में आ चुके हैं।

विज्ञापन

पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से कई मोबाइल फोन, दस्तावेज, रजिस्टर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस अब जब्त किए गए सामानों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।


फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।