मिंट हाउस चौराहे पर हेरिटेज ट्रैफिक बूथ के बीच पुराना पुलिस बूथ बदहाल, विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल
शहर के मिंट हाउस चौराहे पर जहां एक ओर हेरिटेज स्टाइल ट्रैफिक बूथ बनाकर काशी की सांस्कृतिक पहचान को नया स्वरूप देने की तैयारी चल रही है, वहीं दूसरी ओर उसी स्थान पर रखा पुराना पुलिस बूथ अब विभागीय लापरवाही का प्रतीक बनता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पुराने पुलिस बूथ को हटाकर बगल में रख दिया गया था, लेकिन उसे पूरी तरह हटाने या सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की जहमत संबंधित विभाग अब तक नहीं उठा सका है। करीब दो दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बूथ वहीं बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है।
![]() |
| विज्ञापन |
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुराने बूथ पर काशी की संस्कृति, देवी-देवताओं और शहर की पहचान से जुड़े सुंदर चित्र बनाए गए थे। बूथ को तैयार करने में काफी मेहनत और खर्च किया गया था, लेकिन अब उसे सड़क किनारे गंदी हालत में छोड़ दिया गया है। धूल, मिट्टी और कचरे के बीच पड़े इस बूथ को देखकर लोग नाराजगी जता रहे हैं।
लोगों का कहना है कि एक तरफ शहर के चौराहों का सुंदरीकरण किया जा रहा है और हेरिटेज थीम पर काम हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ पहले से तैयार सांस्कृतिक कलाकृतियों की इस तरह अनदेखी करना समझ से परे है। कई लोगों ने इसे सरकारी संसाधनों की अनदेखी और विभागीय उदासीनता बताया।
![]() |
| विज्ञापन |
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बूथ को जल्द वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा जाए या उसका दोबारा उपयोग किया जाए, ताकि उस पर बनी काशी की सांस्कृतिक झलक खराब न हो। साथ ही संबंधित विभाग से जिम्मेदारी तय करने की भी मांग उठने लगी है।

.png)
