संकट मोचन चौकी के पास ऑनलाइन सट्टा खिलवाते ‘बच्चा तिवारी’ को एसओजी ने दबोचा
लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत संकट मोचन चौकी के समीप स्थित एक पान की दुकान पर ऑनलाइन सट्टा खिलवाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसओजी टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विनित तिवारी उर्फ बच्चा तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से इलाके में ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में संलिप्त था और मोबाइल के माध्यम से लोगों को सट्टा खिलवाने का काम करता था।
![]() |
| विज्ञापन |
सूत्रों के अनुसार एसओजी को लगातार इस अवैध गतिविधि की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद टीम ने निगरानी बढ़ाई और मौके पर छापेमारी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान मौके से मोबाइल फोन, सट्टे से संबंधित चैट और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद किए जाने की चर्चा है। हालांकि पुलिस की ओर से बरामदगी को लेकर विस्तृत जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।
इस संबंध में लंका थाना अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने बताया कि एसओजी टीम द्वारा एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
![]() |
| विज्ञापन |
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से ऑनलाइन सट्टेबाजी की गतिविधियों की चर्चा थी। एसओजी की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।



