शिवपुर में बीए तृतीय वर्ष के छात्र ने की खुदकुशी, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतल नगर (परमानंदपुर) में एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
![]() |
| विज्ञापन |
जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय अभय जायसवाल बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। पढ़ाई के साथ-साथ वह चांदमारी क्षेत्र के पास चाट की दुकान भी चलाता था। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात वह रोज की तरह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो घरवालों को चिंता हुई। परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो अभय का शव कमरे में पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना पर शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कराई। पुलिस ने कमरे की जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
![]() |
| विज्ञापन |
बताया जा रहा है कि मृतक का बड़ा भाई पुलिस विभाग में कार्यरत है और वर्तमान में ज्ञानवापी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात है। हालांकि छात्र ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की गहनता से जांच कर रही है।


