पदभार संभालते ही एक्शन मोड में आए सिगरा एसओ शिवाकांत मिश्रा, सड़क पर उतरी पुलिस टीम
शहर की कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद सिगरा थाने की कमान संभालने वाले नए थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने कार्यभार ग्रहण करते ही सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने पूरे थाना क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और स्थानीय हालात का जायजा लिया।
![]() |
| विज्ञापन |
मंगलवार को थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा पुलिस टीम के साथ सिगरा क्षेत्र में लगातार सक्रिय नजर आए। इस दौरान रोडवेज चौकी इंचार्ज विकास सिंह भी अपनी टीम के साथ अभियान में मौजूद रहे। पुलिस टीम ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। सड़क किनारे अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए तत्काल अतिक्रमण हटवाया गया। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि, हुड़दंग और अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित अभियान चलाने की बात कही गई। पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
![]() |
| विज्ञापन |
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने नए थाना प्रभारी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। लोगों ने उनसे क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था की उम्मीद जताई। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि जनता का सहयोग और भरोसा ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सिगरा थाना क्षेत्र में अपराध और अव्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।


