तुलसी घाट पर गंगा स्नान के दौरान युवक की डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम
भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित तुलसी घाट के सामने मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं युवक की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पहुंची एनडीआरएफ टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को गंगा से बाहर निकाला।
![]() |
| विज्ञापन |
मृतक की पहचान गाजीपुर जनपद के रेवतीपुर बरौरा निवासी 21 वर्षीय तुषार राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तुषार अपनी मां किरण राय और अन्य परिजनों के साथ काशी भ्रमण के लिए सोमवार को वाराणसी आया था। मंगलवार तड़के करीब 4 बजे सभी लोग गंगा स्नान के लिए तुलसी घाट पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाट पर मौजूद लोगों ने तुषार को जेट्टी पार कर आगे जाने से मना किया था, लेकिन वह स्नान करने के लिए आगे बढ़ गया। इसी दौरान गहरे पानी में पहुंचने पर वह डूबने लगा। तैरना नहीं आने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और गंगा में समा गया।
![]() |
| विज्ञापन |
तुषार के डूबते ही उसकी मां किरण राय चीख-पुकार करने लगीं। आसपास मौजूद लोग और नाविक युवक को बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुका था। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने खोजबीन शुरू की और कुछ देर बाद युवक का शव बरामद कर लिया।
घटना के बाद घाट पर मातम का माहौल है। परिजन बदहवास हैं और लगातार रोते-बिलखते नजर आए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


