स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के श्रीविद्या मठ में चोरी का खुलासा, CCTV की मदद से तीन आरोपी गिरफ्तार
भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदारघाट स्थित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के श्रीविद्या मठ में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए चांदी के आभूषण, अन्य सामान और नकदी बरामद की है।
![]() |
| विज्ञापन |
इस संबंध में श्रीविद्या मठ के ब्रह्मचारी परमात्मानंद की तहरीर पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और मठ परिसर सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान चोरी की पूरी घटना कैमरों में कैद मिली, जिससे आरोपियों की पहचान करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के निर्देशन तथा अस्सी चौकी प्रभारी नवीन चतुर्वेदी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शुक्रवार देर रात रत्नाकर पार्क के पास से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की इस घटना में इनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस का कहना है कि आगे की पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
धार्मिक स्थल में हुई चोरी की इस घटना का खुलासा होने के बाद मठ प्रशासन और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।


