वाराणसी में दो जमीन कारोबारियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, चोलापुर के बनियापुर गांव में मिले शव
वाराणसी कमिश्नरेट के चोलापुर थाना क्षेत्र के बनियापुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब जमीन के कारोबार से जुड़े दो युवकों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। दोनों के शव गांव स्थित एक स्थान पर पड़े मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि दोनों की हत्या कर शवों को यहां लाकर फेंका गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
![]() |
| विज्ञापन |
प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान हुकुलगंज की नई बस्ती निवासी अभिजीत गांगुली तथा चोलापुर थाना क्षेत्र के कोहासी गांव निवासी
निहाल सिंह के रूप में हुई है। दोनों जमीन के कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक किसी रिश्तेदार की जमीन देखने के लिए गए थे। इसके बाद उनके साथ क्या हुआ और वे बनियापुर गांव तक कैसे पहुंचे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस हत्या, विषाक्त पदार्थ सेवन और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
शवों से आ रही थी दुर्गंध
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों शव पुराने प्रतीत हो रहे थे और उनसे तेज दुर्गंध आ रही थी। इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि दोनों की मौत एक से दो दिन पहले हुई होगी। हालांकि मौत के सही कारण और समय का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
डीसीपी और एसीपी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना, चोलापुर थाना प्रभारी तथा एसओजी टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को आवश्यक साक्ष्य एकत्र करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
![]() |
| विज्ञापन |
फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


