gnews विश्वनाथ धाम की कतार में बेहोश हुए श्रद्धालु ने अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

विश्वनाथ धाम की कतार में बेहोश हुए श्रद्धालु ने अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

राजस्थान के जयपुर से बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने आए एक श्रद्धालु की मंगलवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए लगी कतार के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने प्रशासन और अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

विज्ञापन
मृतक की पहचान रामप्रकाश शर्मा के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी और नाती गगन शर्मा के साथ वाराणसी दर्शन-पूजन के लिए आए थे। परिजनों के अनुसार, वे एक दिन पहले ट्रेन से वाराणसी पहुंचे थे और एक होटल में ठहरे हुए थे। मंगलवार सुबह सभी लोग बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे और दर्शनार्थियों की कतार में लग गए।


बताया जा रहा है कि दर्शन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इसी दौरान कतार में खड़े-खड़े रामप्रकाश शर्मा को अचानक चक्कर आ गया और वह मंदिर परिसर में बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला तथा छांव में लिटाकर प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया।


परिजनों का आरोप है कि काफी देर बाद एंबुलेंस उपलब्ध हो सकी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए कबीरचौरा स्थित अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद भी इलाज में देरी हुई और समय पर आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी। इसी बीच उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया।

विज्ञापन
मृतक के नाती गगन शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके नाना की हालत गंभीर होने के बावजूद चिकित्सकों ने पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि यदि समय पर उपचार मिलता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अस्पताल में श्रद्धालु की मौत के बाद पत्नी, नाती और अन्य परिजन शव से लिपटकर रोते-बिलखते रहे। पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।